क्या आप जानते हैं कि रंगों की पसंद के अनुसार भी किसी व्यक्ति का स्वभाव, अच्छी-बुरी आदतें मालूम की जा सकती हैं। ज्योतिष के अनुसार जैसा हमारा स्वभाव होता है, वैसे ही कलर हमारी पसंद होते हैं। रंगों का ग्रहों से भी गहरा संबंध होता है। व्यक्ति की कुंडली में जो ग्रह अधिक प्रभावी होता है, उसके अनुसार ही व्यक्ति का स्वभाव और पसंद-नापसंद बनती है।
यहां कुछ रंगों क नाम दिए जा रहे हैं। इनमें से अपना प्रिय रंग चुनें और जानिए आपके स्वभाव से जुड़ी अच्छी-बुरी बातें...
रंगों के नाम- सफेद, लाल, काला, नीला, हरा और पीला
इन रंगों में से कोई एक रंग चुनें।
सफेद रंग
जिन लोगों को सफेद रंग अधिक पसंद है, सामान्यत: वे दूरदर्शी और आशावादी होते हैं। ये लोग योजना बनाने में काफी पारंगत होते हैं, इसी वजह से अधिकतर कार्यों में सफलता प्राप्त करते हैं। ये लोग घर-परिवार और कार्य क्षेत्र में अच्छा सामंजस्य बनाए रखते हैं। कभी-कभी ये घमंड का शिकार भी हो सकते हैं। सफेद रंग शांति का प्रतीक है और इसी वजह से जो लोग सफेद रंग पसंद करते हैं, वे भी शांति प्रिय होते हैं। नए लोगों से एकदम मित्रता नहीं बढ़ाते हैं। इनके स्वभाव में लज्जा यानी शर्म भी रहती है। किसी भी नए स्थान पर या नए लोगों के बीच एकदम सहज महसूस नहीं करते हैं।
नीला रंग
जो लोग नीला रंग पसंद करते हैं, वे स्वाभिमानी होते हैं। किसी से मदद लेना इन्हें पसंद नहीं होता है। प्रेमी को पूरा समय देते हैं और उसकी जरुरतों का ध्यान रखते हैं। इन्हें भरोसेमंद माना जा सकता है। किसी का विश्वास नहीं तोड़ते हैं और किसी अन्य व्यक्ति पर आसानी से विश्वास भी नहीं करते हैं। मित्रता करने से पहले पूरी सावधानी रखते हैं और जब इन्हें यह सुनिश्चित हो जाता है कि व्यक्ति मित्रता करने योग्य है, तब ही मित्रता करते हैं। किसी भी काम को अपने ही तरीके से करते हैं और जिम्मेदारी का निर्वाह करते हैं।
लाल रंग
जिन लोगों को लाल रंग पसंद होता है, वे बहुत सावधान रहने वाले होते हैं। इनके जीवन प्रेम का बहुत अधिक महत्व होता है। ये लोग बहुत अच्छे प्रेमी सिद्ध हो सकते हैं। लाल रंग उत्साह और जोश का प्रतीक है और इसी वजह से जो लोग ये रंग पसंद करते हैं, वे भी जोशीले होते हैं। इन्हें अपना काम पूरे जोश के साथ करने में ही आनंद प्राप्त होता है। ये लोग जीवन को पूरे उत्साह के साथ जीते हैं। सामान्यत: ये लोग दूसरों के स्वभाव को बहुत जल्दी समझ लेते हैं।
हरा रंग
जिन लोगों को हरा रंग प्रिय है, वे डाउन टू अर्थ स्वभाव वाले होते हैं। हर परिस्थिति में अपने स्वभाव को बनाए रखते हैं। सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी सामान्य इंसान की भांति बने रहते हैं। ये लोग किसी भी दुखी नहीं देख पाते हैं। यदि इनके आसपास कोई दुखी व्यक्ति होता है तो उसके दुख बांटने का प्रयास करते हैं। ये बहुत शांति प्रिय इंसान होते हैं। लड़ाई-झगड़ों से दूर ही रहते हैं। जिस प्रकार हरा रंग आंखों को सुखद अहसास देता है, ठीक वैसा ही स्वभाव हरा रंग पसंद करने वाला भी होता है। ये लोग इनके प्रिय जनों के बीच काफी महत्व रखते हैं।
काला रंग
जिन लोगों को काला रंग बहुत अधिक प्रिय है, वे थोड़े रूढ़िवादी हो सकते हैं। साथ ही, इन लोगों को गुस्सा भी बहुत जल्दी आता है। इन्हें किसी भी काम में कोई बदलाव पसंद नहीं होता है। जो काम जैसा चल रहा है, ये लोग उस काम को वैसा ही चलाना चाहते हैं। किसी भी प्रकार का बदलाव आसानी से स्वीकार नहीं कर पाते हैं। काला रंग पसंद करने वाले लोग दूसरों से मान-सम्मान पाना चाहते हैं, साथ ही ये लोग अपनी शक्ति बढ़ाने भी चाहते हैं। इन्हें लोगों से उचित दूरी बनाए रखना पसंद होता है। हर किसी से बहुत अधिक निकटता नहीं रखते हैं।
पीला रंग
पीला रंग पसंद करने वाले लोग हसंमुख स्वभाव वाले होते हैं। जीवन को सकारात्मक रूप में जीते हैं। ये लोग नए विचारों के साथ आगे बढ़ते हैं और कार्यों में सफलता पाने का प्रयास करते हैं। ये हमेशा खुश रहने वाले इंसान होते हैं। दूसरों को सही मार्गदर्शन देते हैं। सभी की मदद के लिए तैयार रहते हैं। जीवन में जब भी विपरीत समय आता है तो उस समय भी ईमानदारी के साथ कार्यों में लगे रहते हैं। कड़ी मेहनत से बुरा समय टल जाता है और सफलता प्राप्त कर लेते हैं।
ध्यान रखें, यहां एक-एक रंग के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव से जुड़ी बातें बताई गई हैं। यदि किसी व्यक्ति को एक से अधिक रंग प्रिय हैं तो उसके स्वभाव में परिवर्तन भी हो सकता है। साथ ही, कुंडली में स्थिति ग्रहों की स्थिति के आधार पर भी व्यक्ति के स्वभाव में भिन्नता हो सकती है।
No comments:
Post a Comment