सप्ताह के सातों दिन के कारक ग्रह अलग-अलग बताए गए हैं। रविवार का कारक ग्रह सूर्य (Sun) है, सोमवार का कारक ग्रह चंद्र (Moon) है, मंगलवार का मंगल (Mars), बुधवार का बुध (Mercury), गुरुवार का गुरु (Jupiter), शुक्रवार का शुक्र (Venus) और शनिवार का कारक ग्रह शनि (Saturn) है। ज्योतिष के अनुसार व्यक्ति का जन्म जिस वार को होता है, उस वार के कारक ग्रह का प्रभाव भी जीवनभर बना रहता है। जन्म वार के कारक ग्रह का असर स्वभाव पर भी होता है। यहां जानिए जन्म वार के अनुसार व्यक्ति के स्वभाव और भविष्य से जुड़ी कुछ बातें...
जिन लोगों का जन्म रविवार के दिन हुआ है, वे सामान्यत: भाग्यशाली रहते हैं। इनकी आयु भी अधिक रहती है। कम बोलने वाले ये लोग कला और शिक्षा के क्षेत्र में मान-सम्मान प्राप्त करते हैं। साथ ही, ये लोग धर्म में रुचि रखते हैं। घर-परिवार के सदस्यों को खुश रखने का प्रयास करते हैं। सामान्यत: ये लोग 20 से 22 वर्ष की आयु तक कष्ट झेलते हैं।
- जिस स्त्री का जन्म किसी भी माह के रविवार को हुआ है, वह दान-पुण्य करने वाली, बलशाली, शीत प्रवृत्ति वाली, चतुर और क्लेश करने वाली होती है। ऐसी स्त्रियां स्वभाव से धार्मिक भी होती हैं।
सोमवार को जन्म लेने वाले व्यक्ति हंसमुख और मीठा बोलने वाले होते हैं। सुख-दुख में सम भाव रखते हैं। विद्वान, कला कुशल और बहादुर होते हैं। ये लोग कफ संबंधी रोगों से परेशान रहते हैं। बीमारियों के कारण कमजोरी बनी रहती है। इन लोगों के लिए 9, 12, 27 वर्ष की आयु में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं। सामान्यत: इनका जीवन ऐश और आराम से व्यतित होता है।
- सोमवार को जन्म लेने वाली स्त्री सामान्यत: दिखने में सुंदर होती है। ऐसी स्त्रियां शुद्ध बुद्धि वाली, मीठा बोलने वाली, शांति प्रिय, राजयोग वाली और पुत्रवान होती है। इनका जीवन सुख-समृद्धि के साथ व्यतीत होता है।
नोट- यहां वार के अनुसार बताया गया स्वभाव वार और उससे संबंधित ग्रह के आधार पर बताया गया है। कुंडली की अन्य ग्रह स्थिति के अनुसार यहां बताए गए स्वभाव में बदलाव भी हो सकता है। व्यक्ति के स्वभाव पर सभी ग्रह-नक्षत्रों का भी सीधा प्रभाव पड़ता है। अत: वार के अनुसार बताए गए स्वभाव में भिन्नता भी हो सकती है।
जिन लोगों का जन्म मंगलवार के दिन हुआ है, वे धनी होते हैं। सामान्यत: इन लोगों का स्वभाव उग्र होता है, इसी कारण ये लोग अपने आसपास रहने वाले कई लोगों से नाराज रहते हैं। इन्हें रक्त और स्कीन से संबंधित रोग हो सकते हैं। इनके जीवन में सुख-दुख और परेशानियां आती-जाती रहती हैं।
- ज्योतिष के अनुसार मंगलवार को जन्म लेने वाली स्त्री कठोर हृदय वाली हो सकती है। ऐसी स्त्रियां आसानी से किसी पर दया नहीं करती और दोषी को कठोरता से दण्ड भी देती हैं। इस दिन जन्म लेने वाली कुछ स्त्रियां झगड़ालू स्वभाव की भी हो सकती हैं। शरीर से दुबली-पतली लेकिन शक्तिशाली होती है।
बुधवार के दिन जन्म लेने वाले लोग सामान्यत: धर्म-कर्म में ध्यान लगाने वाले होते हैं। ये बुद्धिमान और मधुर भाषी होते हैं। विद्वान और धार्मिक जीवन जीने वाला इनका स्वभाव होता है। माता-पिता से विशेष प्रेम रखते हैं। 8 और 22 वर्ष की आयु में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिन लोगों का जन्म गुरुवार के दिन हुआ है, वे बुद्धिमान होते हैं और पराक्रमी होते हैं। ये लोग किसी भी मुश्किल समय का सामना बड़ी ही समझदारी और साहस के साथ करते हैं। इन लोगों के मित्र अच्छी संगती वाले होते हैं। मित्रों की ओर से सदैव प्रसन्न रहते हैं। इन्हें 7, 12, 13, 16 और 30 वर्ष की आयु में संकट का सामना करना पड़ सकता है।
- जिन महिलाओं या लड़कियों का जन्म गुरुवार को हुआ है, वे उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली और सभी गुणों में श्रेष्ठ होती हैं। इन्हें धन-संपत्ति का सुख प्राप्त होता है। सामान्यत: ये स्त्रियां शांति प्रिय, धैर्यवान, पुत्रवान और सभी सुखों को प्राप्त करने वाली होती हैं।
शुक्रवार का दिन व्यक्ति को हंसमुख स्वभाव देता है। ये लोग बुद्धिमान और मधुरभाषी होते हैं। सहनशीलता के कारण कठिन समय का सामना भी अच्छे से कर लेते हैं। ऐश्वर्यपूर्ण जीवन इन लोगों को काफी पसंद होता है। कला के क्षेत्र में ये लोग खास मुकाम हासिल करते हैं। 20 और 24 वर्ष की आयु में इन्हें कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिन लोगों का जन्म शनिवार के दिन हुआ है, वे कृषि या व्यापार या तकनीकी क्षेत्र में विशेष रुचि रखते हैं। इन्हें छोटी आयु में कुछ परेशानियां हो सकती हैं। इन लोगों को मित्रता में सावधान रहने की आवश्यकता होती है। माता-पिता, भाई-बहनों की ओर से पूर्ण सुख प्राप्त नहीं हो पाता है। इन लोगों को 20, 25 और 45 वर्ष की आयु में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
- शनिदेव के वार शनिवार को जन्म लेने वाली स्त्री शरीर से दुबली-पतली होती हैं और कद इनका लंबा होता है। सामान्यत: इस दिन जन्म लेने वाली स्त्रियां काले रंग वाली या सांवले रंग वाली होती हैं। कभी-कभी ये महिलाएं दूसरों की चुगली भी कर सकती हैं।
No comments:
Post a Comment